हरियाणा में यमुनानगर जिले के साढौरा ब्लॉक के गांव बलाला में बुजुर्ग दंपती की तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त 72 वर्षीय रोशन लाल और उनकी पत्नी परमजीत के शव घर के बाहर पड़े मिले। रोशनलाल नौ महीने पहले ही दूसरी शादी कर परमजीत को अपने घर लाए थे।
घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल पुलिस की विभिन्न टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। एसपी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस बारे में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहली पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी।
रोशन लाल नौ महीने पहले ही परमजीत से दूसरी शादी कर घर लाया था। एसपी ने कहा कि अभी हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं, उम्मीद है जल्दी ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। तेजधार हथियार से दोनों की हत्या की गई है।
वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि रोशन लाल की आयु 70 वर्ष से अधिक थी, जबकि उसकी पत्नी की आयु लगभग 50 वर्ष थी। रोशन लाल के दो लड़के थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त रोशन लाल की गांव में जमीन भी है।
हत्या की वजह संपत्ति का विवाद भी हो सकता और पुलिस परिजनों से भी गहन पूछताछ कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड को लेकर पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल स्वयं मौके का दौरा करके अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर चुके हैं। उनका कहना है कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे।