सड़क हादसे के बाद कार के उड़े परखच्चे
- फोटो : अमर उजाला
ईद मनाकर शामली से सिरसा लौट रहे इनोवा सवार लोगों की गाड़ी तलोडा खेड़ी गांव के पास सड़क पर खड़े ट्राले से टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में इनोवा का चालक सिरसा के खोजा खेड़ा निवासी 35 वर्षीय राजकुमार को छोड़कर अन्य सभी की उम्र 25 साल से कम है। मरने वाले में दो किशोर भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 15 साल है। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी धर्मबीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के शामली जिला के बनत निवासी दो भाई सोनू और फिरोज सिरसा के मोहता बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे। बनत निवासी रेहान, मोइन, जावेद, शौकीन और साहिब इनके पास काम करते हैं। यह लोग अपने सिरसा के दोस्तों गौरव, मनीष, काकू, राहुल व इनोवा चालक राजकुमार के साथ चार जून को ईद मनाने के लिए अपने घर बनत गए थे। वीरवार रात करीब तीन बजे सभी लोग इनोवा गाड़ी से सिरसा लौट रहे थे।
इस दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी तलोडा खेड़ी गांव के पास पहुंची तो सड़क के किनारे खड़े ट्राले से टकार गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में गाड़ी चालक राजकुमार के अलावा सोनू, फिरोज, रेहान, मोइन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ने जींद के नागरिक अस्पताल से पीजीआई रोहतक ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में जावेद, शौकीन, साहिब, गौरव, मनीष व काकू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।