शराब पीने के लिए जब पैसे खत्म हुए तो तीन युवकों ने घर लौट रही महिला का पर्स छीन लिया और फरार हो गए। वारदात देर रात सेक्टर-17 में ओवरब्रिज के पास हुई। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन कर तीनों युवकों को पकड़कर छीना हुआ पर्स बरामद कर लिया। तीनों आरोपियों की पहचान राहुल, विनोद और जगेश के रूप में हुई है। तीनों ही मूल रूप से यूपी के बहराइच के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-25 निवासी रेखा शुक्रवार रात को सेक्टर-17 से घर लौट रही थी। जैसे ही वह ब्रिज के पास पहुंची, तीनों आरोपी उससे बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में दो हजार रुपये, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात थे।
महिला ने 100 नंबर पर किसी से फोन करवा कर वारदात की सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस को तीनों लड़कों का हुलिया बताया। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और तीनों को शनिवार सुबह सेक्टर-17 से ही गिरफ्तार कर लिया। महिला सेक्टर-9 में घरों में बर्तन साफ करने का काम करती है।
तीनों आरोपी सेक्टर-17 में ब्रिज के नीचे ही तीन साल से रह रहे हैं। तीनों पार्टियों में वेटर का काम करते हैं। शुक्रवार रात को तीनों ने शराब पी थी और उसके बाद और शराब पीने के लिए पैसे खत्म हो गए तो महिला से पर्स छीन लिया। पुलिस ने आरोपियों से महिला का पर्स व मोबाइल बरामद हो गया है। तीनों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।