नशे में धुत्त युवतियों ने एक ऐसी जानलेवा करतूत कर डाली कि छह लोग अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद लड़कियां फरार हो गई। घटना मोहाली की है। एक तेज रफ्तार पजेरो ने पीसीएल लाइट प्वाइंट पर ब्रेजा कार को चपेट में ले लिया।
हादसे में ब्रेजा कार सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। इनमें डेढ़ साल का बच्चा भी था, जो कार से बाहर गिर गया। बताया जाता है कि पजेरो में चार लड़कियां सवार थीं, जो नशे में धुत थीं। हादसे के बाद सभी भाग निकलीं।
चंडीगढ़ पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राजिंदर सिंह ने बताया कि वह बीती बुधवार को रात पौने 11 बजे चश्मेशाही रिजार्ट से सेक्टर-63 की तरफ जा रहे थे। पीसीएल लाइट प्वाइंट पर पहुंचे तो दूसरी साइड से आ रही तेज रफ्तार पजेरो कार में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी पत्नी, बहू और बच्चे कार से नीचे गिरकर गंभीर जख्मी हो गए।
वहीं, बेटा भी घायल हो गया। सभी को आईवी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में इंद्रपाल सिंह, राजिंदर सिंह, आशा सिंह, नेहा सिंह, भाविका और जपराज सिंह शामिल हैं। वहीं, मटौर थाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है।