इंडो-पाक बॉर्डर पर ड्रग्स की स्मगलिंग
पंजाब में इंडो पाक बॉर्डर पर ड्रग्स की स्मगलिंग का एक और मामला सामने आया, जिसमें गश्ती के दौरान बीएसएफ ने 10 किलो हेरोइन बरामद की। फिरोजपुर के जलालाबाद इलाके से बरामद हुई ड्रग्स करीब 50 करोड़ की है।
अबोहर सेक्टर की बीओपी सम्मेके के पास बुधवार रात पाकिस्तानी तस्कर हेरोइन की डिलीवरी भारतीय तस्करों को करने के लिए आए थे, बीएसएफ को देख वो वहां से भाग गए। बीएसएफ के डीआईजी मधु सूदन ने बताया कि रात के समय बीएसएफ की बटालियन-दो के जवान बीओपी सम्मेके के नजदीक लगी फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे कि उन्हें फेंसिंग पार हरकत महसूस हुई। जैसे ही वे आगे बढ़े, कुछ लोग भागते नजर आए।
तलाश ली गई तो वहां पर हेरोइन के दस पैकेट बरामद हुए। ड्रग्स की इस खेप का वजन 10.740 किलोग्राम था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत पचास करोड़ से अधिक आंकी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिस किसान के खेत से हेरोइन के पैकेट बरामद हुए हैं, उनसे भी जांच-पड़ताल की जा र्ही है।