चंडीगढ़ में सेक्टर-45 स्थित बुड़ैल जेल में बंद देवरानी को नशा सप्लाई करने जा रही जेठानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जेल वार्डर चेकिंग के दौरान महिला के पास से 50.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी महिला की पहचान सेक्टर-38 निवासी अनीता (56) के रूप में हुई है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस (21) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के मामले में डड्डूमाजरा निवासी सुषमा पिछले काफी समय से बुड़ैल जेल बंद है।
बीते शनिवार को सुषमा की जेठानी अनीता अपनी देवरानी से मिलने बुड़ैल जेल पहुंची। गेट पर चेकिंग के दौरान अनीता के पास से 50.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे फौरन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अनीता नशे को दिल्ली से खरीदकर लाई थी, जिसे आगे सप्लाई करना करना था।
अब पुलिस रिमांड के दौरान अनीता से पूछताछ करेगी कि हेरोइन सप्लाई करने के धंधे में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।