क्राइम ब्रांच पुलिस ने दो नाइजीरियन को सात लाख के हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पेशी के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपी को जेल व शनिवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड में भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच इंसपेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान डेनिस, ओकॉवे व जॉन सजी निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है। इसमे पुलिस ने डेनिस को सेक्टर-31 एरिया से 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। जबकि, दोनों अन्य आरोपियों को सेक्टर-17 एरिया से 35-35 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
एक आरोपी से वीजा बरामद
क्राइम ब्रांच के पूछताछ में एक नाइजीरियन के पास से वीजा बरामद किया गया। लेकिन, उस वीजा पर कोर्ट केस की लिखावट का मुहर लगा है। जबकि, दोनों अन्य आरोपियों के नाम का कोई वीजा या पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस वीजा पासपोर्ट की जांच पड़ताल में लगी है।
ऐसे जुड़े थे नशे के व्यापार से आरोपी
पुलिस रिमांड में आरोपियों ने पिछले दस साल से नशे का व्यापार करने की बात कबूली है। उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई बार चंडीगढ़ में नशा सप्लाई करने आ चुके हैं। वे कुछ नशेड़ियों से संपर्क बनाकर सप्लाई करके निकल जाते थे।
आरोपियों से दिल्ली, पंजाब बार्डर से हेरोइन सप्लाई को रोकने की कोशिश की जा रही है। इन आरोपियों द्वारा बार्डर एरिया से सप्लाई चंडीगढ़ में किया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
- गुरमुख सिंह, इंसपेक्टर क्राइम ब्रांच