सोमवार देर रात साढ़े 12 बजे चेकिंग से बचने के चक्कर में आरोपियों ने नाके पर खड़ी पुलिस पार्टी पर ही कार चढ़ा दी। दरअसल, युवकों ने कार में अवैध शराब रखी थी। पुलिस जवानों को टक्कर मारकर कार असंतुलित होकर मिट्टी के ढेर में फंस गई, घटना में 2 कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने शहर छन्नी निवासी मां-बेटे को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। तीसरा युवक मौके से फरार हो गया।
आरोपियों की पहचान शेखर, गीता और साबी के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता घायल कांस्टेबल गुरसिमरन सिंह ने बताया कि वह सुजानपुर पुल नंबर 4 से 3 तक गश्त कर रहा था। रात 12:40 पर जैसे ही पुलिस पार्टी निरंकारी भवन से 100 मीटर आगे पहुंची तो सूचना मिली कि एक कार में कुछ लोग शराब लेकर जा रहे हैं।
बताए नंबर वाली कार पहुंचते ही उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने पुलिस जवानों को मार देने की नीयत से कार और तेज कर दी। वह खुद और उसका साथी अरजिंद्र सिंह कार की चपेट में आकर सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
कार उन्हें टक्कर मार कर असंतुलित हो गई और मिट्टी के ढेर में जा धंसी। घायल कर्मियों ने हिम्मत से काम लिया और कार में बैठे शेखर और गीता को पकड़ लिया। ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठा साबी भागने में सफल रहा। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से 28 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों पर इरादा ए कत्ल, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।