शाहाबाद-अंबाला जीटी रोड़ रोड पर वीरवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अमन ढाबा के नजदीक एक डबल डेकर प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई और आग ने भयानक रूप धारण कर लिया।
आग का पता लगते ही बस में सवार सभी 38 यात्री सकुशल बाहर निकल गए और भयानक हादसा होने से बच गया। आग की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह के नेतृत्व में कर्मियों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल गई थी।
बताया गया है कि जीटी रोड़ पर किसी तरह से यातायात बाधित न हो, इस वजह से उक्त बस को बाद में स्थानीय बस अड्डे के अंदर लाकर खड़ा किया गया। बस मालिक जम्मू वासी विनीत कुमार ने बताया कि बस चालक सुरिंद्र कुमार और परिचालक विशाल वर्मा निवासी अखनूर, जम्मू बुधवार देर रात को दिल्ली से 38 सवारियों को लेकर जम्मू के लिए रवाना हुए थे।
उन्होंने बताया कि वीरवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे उपरोक्त बस जीटी रोड़ पर शाहाबाद के नजदीक पहुंची थी कि अचानक बस में आग लग गई। बस में आग की लपटें फैलने से पहले ही यात्री आनन-फानन में अपना सामान समेट कर नीचे उतर आए। बताया गया है कि कुछ ही देर बाद बस में आग भड़क गई और इससे पहले कि मौके पर फायर ब्रिगेड वाहन पहुंचते बस आगजनी के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। बताया गया है कि पुलिस को इस घटना की सूचना किसी राहगीर ने दी थी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
बस मालिक को शक, यात्री के सुलगती सिगरेट फेंकने से हुआ हादसा
घटना की शिकार हुई बस के मालिक ने शंका जताई है कि हो सकता है कि किसी यात्री ने सिगरेट इत्यादि का सेवन बस में किया हो और सिगरेट को बुझाए बिना भीतर ही फेंका हो, जिसकी वजह से बस में आग लगी। उन्होंने कहा कि सौभाग्यवश किसी यात्री को जान या माल की हानि नहीं पहुंची।
घटनास्थल पर लिए गए नमूने फारेंसिक टीम ने मधुबन भेजे
पुलिस ने फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। एसएफएल हरियाणा मधुबन के निदेशक डा. जगदीश राम अत्री और सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञ अशोक कुमार वर्मा की टीम ने घटनास्थल से कुछ नमूने लेकर जांच के लिए हैं। उपरोक्त टीम ने घटनास्थल से नमूने लेकर जिला करनाल स्थित मधुबन लैब में भिजवाए हैं।