चंडीगढ़ सेक्टर-38 की एक करियाना दुकान पर दुकानदार और ग्राहक में बहस के बीच एक कुत्ते ने वफादारी की ऐसी कीमत चुकाई कि उसे 13 टांके लगवाने पड़े।
लक्ष्य के अनुसार, 9 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे तीन युवक दुकान पर आए और एक सामान मांगा जो उपलब्ध नहीं था। इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। तभी एक युवक चापड़ निकाल लिया। इसी दौरान दुकान के बाहर बैठा कुत्ता तेज आवाज में भौंकते हुए अंदर दुकानदार के बचाव में आ गया। युवक ने लक्ष्य पर हमला करने की बजाय चापड़ कुत्ते की ओर फेंक मारा, जो उसकी आंख के पास जा लगा। हमले के बाद तीनों युवक भीड़ जुटते देख मौके से फरार हो गए। लक्ष्य रोजाना कुत्ते का खाने पीने का प्रबंध करते थे।
वहीं, पास ही मौजूद एक व्यक्ति ने सिमरन को घटना की जानकारी दी। सिमरन खून की बूंदों के निशान देखते हुए सेक्टर-38 मार्केट के एक शोरूम तक पहुंचीं, जहां घायल कुत्ता पड़ा मिला। उन्होंने वहीं इलाज शुरू करवाया। सिमरन ने बताया कि वह इस कुत्ते को बचपन से जानती हैं, इसलिए लोगों ने सबसे पहले उन्हें ही फोन किया। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। कुत्ते की आंख बचा ली गई है, लेकिन उसकी वफादारी की यह कीमत दिल को छू लेने वाली है।