कैंसर पीड़ितों का बीमा दिखाकर क्लेम हड़पने के मामले में एसटीएफ ने सामान्य अस्पताल के डॉक्टर अंबुज जैन को हिमाचल प्रदेश के नाहन से गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर पर गैंग के सरगना पवन से अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से मौत को हादसा दिखाने के लिए पैसे लेने का आरोप है।
डॉक्टर एक पोस्टमार्टम के लिए डेढ़ लाख रुपये लेता था। एसटीएफ ने आरोपी डॉक्टर को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। गौरतलब है कि बीमा कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने कैंसर पीड़ित मरीजों की मौत को हादसा दिखाकर करोड़ों रुपये का क्लेम हड़पने वाले गैंग का खुलासा किया था।
19 अप्रैल को इस मामले में गैंग के सरगना गांव सेवली निवासी पवन, रिंढाना निवासी मोहित और गुमाना निवासी विकास को पकड़ा था। बाद में कई अन्य आरोपी भी इस मामले में पकड़े गए थे। एसटीएफ ने सामान्य अस्पताल के डॉ अंबुज जैन को हिमाचल प्रदेश के नाहन से गिरफ्तार किया है।
इसके लिए एसटीएफ दो माह से छापे मार रही थी। आरोपी डॉक्टर केस में नाम सामने आने के बाद अपने ससुराल झारखंड भाग गया था और वहां से हिमाचल प्रदेश। डॉ अंबुज जैन वहां साथ में एमबीबीएस करने वाले डॉक्टरों के पास रहा, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया।