राधे मां की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। पंजाब की फगवाड़ा पुलिस ने राधे मां को 10 दिन में फगवाड़ा पहुंच जांच में शामिल होने का नोटिस भेजा है। राधे मां के खिलाफ विहिप के पूर्व जिला अध्यक्ष ने कई आरोप लगाए थे, इन्हीं की जांच के लिए नोटिस भेजा गया है। एसपी फगवाड़ा अश्वनी कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
एसपी ने कहा कि प्राथमिक तौर पर सिर्फ राधे मां उर्फ सुखविंदर कौर उर्फ बब्बू को ही बुलाया गया है। उनके जांच में शामिल होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों की मानें तो राधे मां के फगवाड़ा आने की संभावना न के बराबर होने के बावजूद जांच कमेटी गठित की जाएगी। इसमें एक जीओ, एक एनजीओ और एक महिला पुलिस अधिकारी को शामिल किया जाएगा।
फगवाड़ा निवासी विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरिंदर मित्तल ने दस दिन पहले एसएसपी कपूरथला राजिंदर सिंह को शिकायत देकर राधे मां, उनकी बहन राजिंदर कौर उर्फ रज्जी मासी, रितु सरीन उर्फ छोटी मां, उनकी बहू मेघा सिंह और संजीव गुप्ता के खिलाफ धमकाने, अश्लीलता फैलाने और हिंदू धर्म को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए थे।
एसएसपी ने एसपी फगवाड़ा अश्वनी कुमार को मामले की जांच के आदेश दिए थे। शिकायतकर्ता सुरिंदर मित्तल ने अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं और वह शिकायत के साथ सबूतों की सीडी भी पुलिस को सौंप चुके हैं।