दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर की जा रही फायरिंग मामले में पुलिस ने तीसरी वारदात में गोली चलाने वाले एक आरोपी दिलजोत सिंह उर्फ डीजे निवासी डेराबस्सी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई इनोवा, एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किया है।
पुलिस सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश कर बाकी फरार आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने कबूल कर लिया है कि उसने फायरिंग की थी। थाना प्रभारी दीपइंद्र सिंह ने बताया कि बीते दिनों चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर गांव हरीपुर कुड़ां के पास बीआर ग्रुप के भुप्पी राणा, रविवार को गिरफ्तार दिलजोत सिंह उर्फ जग्गु, सोनी दप्पर व एक अज्ञात युवक ने इनोवा में जगतार सिंह उर्फ जग्गु निवासी धनौनी पर फायरिंग कर दी, जब वह अपने मोटरसाइकिल सवार दो अन्य दोस्तों के साथ गांव हरीपुर कुडां जा रहा था।
जगतार सिंह के साथ उसका साथी गुरभेज सिंह व दीपक वर्मा भी थे, जिन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। हमले में दो गोलियां लगने से जगतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले के बाद से आरोपी फरार था। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी भुप्पी राणा की तलाश जारी है।