पंचकूला पुलिस ने एक बिल्डर को जान से मारने की धमकी देकर बीस लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिला सचिवालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पंचकूला पुलिस के डीसीपी अनिल धवन ने यह खुलासा किया।
डीसीपी ने बताया कि इन तीनों आरोपियों की ओर से दी गई धमकी के बाद बिल्डर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ट्रैप लगाया और इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि तीनों यूपी के जिला उन्नाव जिले के हैं।
इनमें विपिन पुत्र रणवीर और जितेंद्र पुत्र रमाकांत गांव कुसैला और जयपाल पुत्र बांके लाल गांव बहरी का रहने वाला है। ये लोगों को डरा धमकाकर पैसे वसूल करते थे। इन आरोपियों ने 24 अगस्त को शहर के जाने माने बिल्डर सेक्टर-6 के मकान नंबर 94 निवासी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन के मालिक सतपाल सिंगला के घर के टेलीफोन पर मोबाइल से फोन कर उनसे 20 लाख रुपये की की मांग की और पैसे न मिलने पर सतपाल सिंगला के दोनों बच्चों को खत्म करने की धमकी दी थी।
पुलिस को जब इस मामले की सूचना मिली तो कार्रवाई करते हुए सेक्टर-5 स्थित थाने में मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने जिस मोबाइल नंबर से फोन आया था, उसकी काल डिटेल (सीडीआर) और कैफ (सिम लेते वक्त जमा किया गया आवेदन पत्र) लेकर साइबर सेल की मदद से पता लगाया कि फोन कहां से आया और नंबर किसके नाम रजिस्टर्ड है।
इसके बाद पुलिस ने रविवार सवेरे चार बजे तीनों को सेक्टर-12 स्थित रैली गांव से गिरफ्तार कर लिया। अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
अलग-अलग जगह काम करते हैं तीनों: पुलिस की पूछताछ में यु़वकों ने बताया कि विपिन पल्लवी होटल के पास सेक्टर-5, पंचकूला में टैक्सी चालक का काम करता है। जितेंद्र सेक्टर-16, पंचकूला में हलवाई का काम करता है और जयपाल सेक्टर-9 पंचकूला की बूथ मार्केट में गैस चूल्हे रिपेयर करने का काम करता है।
जयपाल ने जिस मोबाइल नंबर से सिंगला के घर फोन किया था यह सिम जिला उन्नाव, यूपी से ही 100 रुपये देकर दुकानदार से चालू हालत में लिया गया था। इसके अलावा जिस व्यक्ति की आईडी यह नंबर लेने में प्रयोग की गई है, उस व्यक्ति को वह नहीं जानता।
इसी मोबाइल सिम का प्रयोग फिरौती मांगने के लिए तीनों आरोपियों ने किया। योजनाबद्ध ढंग से विपिन ने फोन पर रंगदारी की मांग की थी, जयपाल उसके साथ था।