दो दिन पूर्व घर से लापता नवयुवक का शव गांव के बाहर कुएं में पड़ा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
है।
घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पीड़ित पक्ष की ओर से देर शाम
थाने में कोई रिपोर्ट नहीं लिखवाई गई है।
जानकारी के मुताबिक दो दिन
पूर्व याकूबपुर थानाक्षेत्र के भारा पुरवा निवासी चंदन (22 वर्ष) पुत्र
गुड्डू अचानक घर से लापता हो गया।
परिजनों ने रिश्तेदारी व सगे संबंधियों
से जानकारी ली लेकिन चंदन का कोई सुराग नहीं लगा। इधर, रविवार सुबह शौच के
लिए खेत गए ग्रामीणों को याकूबपुर-भारापुरवा के बीच कुएं में एक शव पड़ा
होने की जानकारी हुई।
शव की शिनाख्त ग्रामीणों की मदद से चंदन के रूप में
की गई। घटना के संबंध में याकूबपुर पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की
ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी मौत के सभी बिंदुओं पर जांच की जा
रही है।