युवती के परिजनों ने दोनों को देख लिया था। इसी से क्षुब्ध होकर लड़की के भाई ने दो अन्य के साथ मिलकर साहिल का अपहरण कराया। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने लड़की के ताऊ के लड़के को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने लड़की के भाई, सोनीपत के रिश्तेदार के साथ मिलकर साहिल के अपहरण और उसके बाद हत्या कर शव को माइनर में डालने की बात को स्वीकार कर लिया।
पहले धारदार हथियार से हमला किया, फिर गला दबाकर की हत्या
कंसाला चौकी प्रभारी हरिओम ने बताया कि युवती के भाई के कहने पर पहले साहिल का अपहरण किया गया। इसके बाद कार में ही वह साहिल को लेकर सांपला क्षेत्र में पहुंचे। धारदार हथियार से पहले साहिल पर हमला किया। इसके बाद भी जब मौत नहीं हुई तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को माइनर में डाल दिया। पुलिस ने कंसाला क्षेत्र से ही साहिल की जली हुई कार को भी बरामद किया है।
लड़की ने ही छात्र के परिजनों को दी थी अपहरण की जानकारी
पुलिस ने बताया कि छात्र के अपहरण के बाद लड़की ने ही अपनी सहेली के माध्यम से छात्र के अपहरण की जानकारी उसके परिजनों को दिलाई थी। दरअसल, लड़की का भाई साहिल के अपहरण की बात बहन से कह रहा था। पुलिस के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुटी थी। 23 अक्तूबर को ही बवाना थाने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सांपला पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। सांपला एसएचओ कुलबीर ने बताया कि दिल्ली पुलिस ही मामले की जांच कर रही है।