स्कूटी सवार दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल को अज्ञात वाहन ने ब्राह्मणवास के पास टक्कर मार दी। इससे 40 वर्षीय पुलिस कर्मी दौलतराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला हरियाणा के रोहतक का है।
मूलरूप से गांव दुब्बलधन माजरा निवासी दौलतराम दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। फिलहाल वह ट्रैफिक पुलिस में दिल्ली के आजादपुर में तैनात था। पुलिस के मुताबिक दौलतराम बृहस्पतिवार को किसी काम से गोहाना गया था। काम खत्म करने के बाद वह शुक्र वार सुबह स्कूटी से दिल्ली डयूटी पर जा रहा था।
जैसे ही पुलिसकर्मी स्कूटी लेकर ब्राह्मणवास के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे दौलतराम का सिर सड़क में जा लगा और मौके पर मौत हो गई। तभी राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
फिर दौलतराम के पास से मिले मोबाइल के नंबरों पर कॉल करके परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन पीजीआई पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि दौलत राम के तीन बच्चे हैं।
इनमें दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे रोहतक के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। दौलतराम के अलावा परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। ऐसे में परिवार पर संकट आ गया है। सिपाही की मौत की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पीजीआई पहुंच गए।
दूसरी तरफ सेक्टर एक स्थित पुलिया के पास बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया। बाइक सवार के सामने अचानक साइकिल आ गई। इससे वह संतुलन खो बैठा। फिर उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया है।