उसने मेरी जिंदगी तो खराब कर दी है। अब अगर वह दूसरी जगह पर शादी करेगा तो मैं सुसाइड कर लूंगी, लड़की के मुंह से यह सुनकर पुलिस वाले चौंक गए। दिल्ली की दिलशाद गार्डन में रहने वाली एक 27 वर्षीय युवती ने अटेली के वार्ड नंबर एक निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने आरोप लगाया। साथ ही युवक द्वारा दूसरी जगह शादी करने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दे डाली।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी कनीना महेश कुमार और अटेली थाना प्रभारी बाबूलाल को सूचित किया। जिसके बाद डीएसपी व थाना प्रभारी अटेली पहुंची युवती से संपर्क कर युवक के घर पहुंचे, लेकिन युवक घर पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस युवती को लड़के के परिजनों के साथ दिल्ली लेकर चली गई। पुलिस के अनुसार युवती की ढाई वर्ष पूर्व एक निजी कंपनी में कार्यरत युवक से मुलाकात हुई थी, तभी से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया, लेकिन अब उससे शादी से मना कर दूसरी जगह शादी करना चाह रहा है। इसी बात से परेशान युवती ने मंगलवार शाम करीब पांच बजे पुलिस अधीक्षक से संपर्क साधा और अपनी आप बीती बताते हुए आत्महत्या करने की बात कही। एसपी ने तुरंत इसकी सूचना डीएसपी कनीना व अटेली थाना प्रभारी को दी। डीएसपी कनीना व थाना प्रभारी अटेली कस्बे में पहुंची युवती से संपर्क साध कर युवक के घर पहुंचे। युवक के परिजनों से पुलिस ने बातचीत कर युवती को दिल्ली महिला पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस में कार्यवाई कराने की बात कहकर भेज दिया। युवक का कुछ दिनों पहले ही अन्य लड़की के साथ रिश्ता तय हुआ है।