मोहाली की स्थायी लोक अदालत ने लाखों रुपये के गबन के मामले में डाक विभाग की दो महिला कर्मचारियों के खिलाफ फैसला सुनाया है। अदालत को दी शिकायत में पीड़ितों ने बताया था कि डाकखाने की महिला कर्मचारी रंजीत कौर और हरजीत कौर ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।
कर्मचारियों ने करीब 408734 रुपये का गबन किया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कर्मचारी उनकी पासबुक में एंट्री करते थे। लेकिन, खाते में पैसे नहीं जमा करते थे। अदालत ने फैसले सुनाया है कि आरोपियों को साधारण ब्याज सहित संबंधित रकम लौटानी होगी। हालांकि, बाद में कर्मचारियों ने शिकायतकर्ताओं की बनती रकत चेक के रूप मे लौटा दी।
जानकारी के मुताबिक, श्यामा देवी और पवन कुमार ने डाकखाने में खाता खुलवाया था। वह अपनी बचत का पैसा इसमें जमा करवाते थे। दोनों ने 1,17200 और 2,91534 रुपये खाते में जमा करवाए थे। लेकिन, जब वह पैसे निकालने के लिए डाकघर गए तो उन्हें पता चला कि उनके खाते में पैसे जमा ही नहीं करवाए गए हैं।
इसके बाद उन्होंने डाकखाने की महिला कर्मचारी रंजीत कौर और हरजीत कौर पर गबन का आरोप लगाया था। पीड़ितों ने अपनी शिकायत में अदालत में बताया था कि आरोपी उनकी पासबुक में एंट्री तो करते थे, लेकिन उनके खाते में पैसे नहीं जमा करते थे।
अदालत ने नोटिस जारी कर दोनों आरोपियों को पेश होने के लिए आदेश दिए। साथ ही अदालत ने डाक विभाग से कहा कि वह अपने स्तर पर कर्मचारियों खिलाफ बनती कार्रवाई भी कर सकता है।
अदालत ने फैसला सुनाया कि आरोपी साधारण ब्याज के साथ दोनों की बनती रकम लौटाए। यह रकम 107466 और 30696 रुपये है। इसके बाद आरोपियों ने यह रकम शिकायतकर्ताओं को चेक के रूम में लौटा दी।