हरियाणा में हिसार जिले के गांव घिराए में सौ करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेहद खौफनाक कांड को अंजाम दिया गया। गांव में कार में सवार होकर कुछ लोग आए और उन्होंने मां-बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। दोनों को गोलियां मारने के बाद हमलावर उन्हें घसीटते हुए अपनी गाड़ी में ही डालकर ले गए। मामला करीब सौ करोड़ के प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता, एएसपी जशनदीप सिंह रंधावा व अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से गोलियों के 9 खोल के अलावा महिला तथा युवक की चप्पलें बरामद की हैं। देर शाम को पुलिस ने खोखा खरकड़ी के नजदीक दिल्ली नंबर की एक फोर्ड आइकॉन कार बरामद की है। इस कार में खून के धब्बे मिले हैं।
पुलिस का मानना है कि संभवतया वारदात में इसी कार का इस्तेमाल किया गया है। खबर लिखे जाने तक वारदात को अंजाम देने वालों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका था। जानकारी के मुताबिक, घिराए में कथित तौर पर गुड्डी तथा उसका पुत्र संदीप सोमवार की दोपहर को अपने पुराने मकान में थे।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे एक कार आई तथा उसमें से तीन नकाबपोश उतरे। उन्होंने घर में मौजूद महिला तथा उसके पुत्र पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। पुलिस को मिली सूचना के मुताबिक काफी संख्या में फायर करने के बाद हमलावर दोनों मां बेटे को घसीटते हुए कार में डालकर अपने साथ ले गए।
ग्रामीणों ने समझा पटाखों की आवाज
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव में एक विवाह समारोह था। जब गोलियां चलीं तो सोचा कि पटाखे चल रहे हैं। काफी देर बाद एक-दूसरे से बात फैलते हुए पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को मौके से गोलियों के 9 खोल बरामद हुए हैं। जहां वारदात को अंजाम दिया गया वहां दरवाजा टूटा हुआ मिला तथा मौके पर खून बिखरा पड़ा था।
जिस महिला गुड्डी व उसके पुत्र संदीप पर हमले की बात कही जा रही है उनका अपने परिवार के दूसरे लोगों के साथ प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि मामला पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका है। चूंकि पुलिस के पास फिलहाल न तो कोई शिकायतकर्ता है और न ही कोई पीड़ित की पुख्ता जानकारी है।
बॉक्स, पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है: एएसपी
एएसपी जशनदीप सिंह रंधावा का कहना है कि पुलिस ने दिल्ली के नंबर की फोर्ड आइकॉन बरामद की है। एएसपी ने बताया कि जिन लोगों पर हमला होने की बात कही जा रही है, फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है। उनके किसी भी स्वरूप में मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।