चंडीगढ़ में मिला खून से लथपथ शव।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के सेक्टर 53 फर्नीचर मार्केट स्थित गुरुद्वारे के पास सोमवार सुबह एक व्यक्ति की खून से लथपथ लाश मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका है कि व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या की गई है। मृतक की पहचान कजहेड़ी निवासी केदार (45) के रूप में हुई है। मामले में सेक्टर 36 थाना पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 53 फर्नीचर मार्केट स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास बने पार्क में खून से लथपथ एक व्यक्ति पड़ा है। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। व्यक्ति के सिर पर गंभीर जख्म थे। पुलिस ने व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का नाम केदार है और वह कजहेड़ी स्थित बेकरी में काम करता था। रविवार को काम से छुट्टी होने के चलते केदार सेक्टर 54 स्थित अपने चाचा के पास गया था। इस दौरान उसका किसी से झगड़ा भी हुआ था। पुलिस अब मामले को लेकर आदर्श कॉलोनी में रहने वाले उसके चाचा और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस आरोपियों की पहचान करने को लेकर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।