चंडीगढ़ में हल्लोमाजरा से पंचकूला जाने वाली रोड पर झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच 16 अस्पताल में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह हल्लोमाजरा से पंचकूला की तरफ जाते हुए रास्ते में झाड़ियों में एक 65 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध हालात में शव मिला। किसी राहगीर ने शव देखकर तुरंत 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पीसीआर और मौलीजागरा पुलिस स्टेशन से पुलिस पहुंची और मौके का मुआयना किया।
पुलिस का कहना है कि मौके से कोई ऐसे निशान या चीज नही मिली है जिससे कहा जा सके कि व्यक्ति की हत्या की गई है। ऐसा लगता है कि व्यक्ति शराब के नशे में पेशाब करने के लिए वहां रुका होगा और नीचे गड्ढे में गिर गया जिससे मौत हो गई। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया गया है।