पंजाब के मानसा में एक होटल में बरनाला जिले के गांव पंधेर के दो युवाओं ने सल्फास निगलकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इन युवाओं ने सोमवार शाम मानसा के आरएम होटल में कमरा किराया पर लिया था और सुबह उनके शव कमरे से बरामद हुए।
जानकारी के मुताबिक बरनाला जिले के गांव पंधेर के दो नौजवान हरप्रीत सिंह और कुलदीप सिंह ने यहां कमरा किराए पर लिया था। उन्होंने मैनेजर को कहा कि सुबह आठ बजे उन्हें वापस जाना है तो उन्हें जल्दी उठा दिया जाए। होटल मालिक मोहित कुमार ने बताया कि जब सुबह के समय उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने आकर कमरा खोला तो दोनों के शव बेड पर पड़े थे। पुलिस ने वहां से सल्फास की दो खाली शीशी भी बरामद की है। बताया जा रहा है नौजवान कुलदीप सिंह ने यह कमरा बुक करवाया था और उसे कुछ दिनों बाद विदेश जाना था।
थाना सिटी-1 के प्रभारी जगदीश शर्मा ने बताया कि दोनों युवाओं ने जहरीली वस्तु निगलकर खुदकुशी की है लेकिन इसके कारणों का पता नहीं चल पाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों युवाओं के परिवारों को सूचित कर दिया गया है।