हरियाणा के झज्जर जिले के बादली इलाके के गांव गंगड़वा में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को फंदे से लटकाकर खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय कर्मबीर, 11 बेटे तनुज और 13 वर्षीय बेटी मुस्कान के रूप में हुई है।
बता दें कि कर्मबीर दिल्ली में क्लस्टर बस चलाता था। रात के समय उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। जब पत्नी, कर्मबीर की मानसिक स्थिति को देखते हुए अपने जेठ के परिवार को सूचना देने गई तो इसी बीच कर्मबीर ने पहले तो अपने बेटे और बेटी को फंदे पर लटका दिया।
जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और उसके बाद कर्मबीर ने खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी पत्नी और कर्मबीर के भाई का परिवार वापस घर पहुंचा तो दरवाजा बंद था। जैसे ही दरवाजा खोला गया तो अंदर के हालात देखकर सबके पांव तले जमीन खिसक गई। फंदे पर तीन लाशें लटकी हुई थी।
आनन-फानन पुलिस को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। डीएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि फिलहाल परिजनों ने इस मामले में किसी भी तरह की लिखित शिकायत नहीं दी है। लेकिन लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कर्मबीर ने अपने दोस्त नवीन को फाइनेंस पर गाड़ी दिलवाई थी।
जिसकी नवीन ने किस्त नहीं भरी और गाड़ी भी बेच दी। उसके बाद बैंक वालों ने कर्मबीर की जमीन कुर्क करने के आदेश दिए थे। लेकिन सरपंच द्वारा आश्वासन देने के बाद कुर्की नहीं की गई थी। बैंक के सात-आठ लाख रुपये नहीं देने पर जमीन कुर्की के आदेश होने से कर्मबीर परेशान चल रहा था। खैर, वजह पुलिस के जांच के बाद ही सामने आएगी। इस घटना क्रम ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस तफ्तीश में जुटी है।