डीसी मोहम्मद शाइन की एक महिला अधिकारी के साथ की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल होने के मामले की जांच चार माह से ठंडे बस्ते में है। जांच कर रहे साइबर सेल का हाल तो देखिए कि जिसने यह करतूत की उसका आईपी एड्रेस मिल जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
चार माह पहले जांच शुरू करते ही कई अहम सुराग साइबर सेल को मिल गए थे। भोपाल के जिस आईपी एड्रेस से डीसी के ई-मेल को हैक कर तस्वीरें निकाली गईं, उसकी जानकारी साइबर सेल को मिल गई थी। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि फिर आरोपी को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?
इस पर अधिकारी आज भी वही जवाब दे रहे हैं, जो जवाब घटना के दो-चार दिन बाद दे रहे थे। उनका आज भी वही रटा-रटाया जवाब है, ‘जांच चल रही है’। हालांकि इन चार महीनों में साइबर सेल ने कई मामले सुलझाए, लेकिन इस मामले में इतनी लेटलतीफी क्यों बरती जा रही है। इसका कोई खुलकर जवाब देने को तैयार नहीं है।
बदनाम करने की कोशिश
करीब चार महीने पहले डीसी मोहम्मद शाइन के साथ प्रशासन की एक महिला अधिकारी की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल हुई थी। शहर में इस तस्वीर की चर्चा आम हुई तो डीसी ने सेक्टर-17 थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी। उन्होंने कहा कि किसी ने उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है। इसके बाद पुलिस विभाग ने यह केस साइबर सेल को सौंप दिया।
यह है अफसरों का दावा
अधिकारियों के अनुसार, साइबर सेल विभाग ने तस्वीर की जांच करवाई, जिसमें खुलासा हुआ कि किसी ने डीसी और महिला अधिकारी की तस्वीर से छेड़छाड़ करके इसे वायरल किया है। डीसी की आफिशियल मेल-आईडी भोपाल से हैक कर तस्वीरें चुराई गईं। इसके बाद फोटो में छेड़छाड़ करके उसे आपत्तिजनक बनाकर वायरल किया गया।
दीपक यादव, डीएसपी, साइबर सेल विभाग ने बताया कि साइबर सेल ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। इसके तथ्यों की जांच गहनता से की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।