सिटी ब्यूटिफुल कहलाने वाले चंडीगढ़ में अब क्राइम का बोलबाला है। दिन बीतता नहीं कि किसी युवती से छेड़छाड़ का नया मामला सामने आ जाता है।
- 13 दिसंबर को छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ा था। थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सेक्टर-28 स्थित आईटीआई में पढ़ने वाली छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपियों ने बुधवार को आईटीआई गेट के पास उससे छेड़छाड़ की थी। इसके बाद थाना पुलिस ने जांच के आधार पर मोहित, नितिन और एक नाबालिग को दबोचा था।
- 14 दिसंबर को सेक्टर-8 स्थित एक बैंक में काम करने वाली युवती का पीछा करने और उससे छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे एक जूनियर एडवोकेट को गिरफ्तार किया था। आरोपी मूलरूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र के लाडवा का निवासी अभिमन्यु लाठर था।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसका कई दिनों से पीछा कर रहा था। कई बार उसका रास्ता रोक उससे छेड़छाड़ कर चुका है। शाम को जैसे ही वह बैंक से बाहर निकली तो आरोपी ने उसका पीछा शुरू कर दिया और उसे छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान आरोपी ने उससे मारपीट की भी कोशिश की। इस पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी शिकायत दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
17 दिसंबर की रात...
प्रतीकात्मक तस्वीर
- 17 दिसंबर की रात करीब एक बजे सेक्टर-35 में महिला का कार से पीछा करने, रास्ता रोकने और उससे छेड़छाड़ के मामले में पंजाब पुलिस के कांस्टेबल जसकरण सिंह समेत एसडी कॉलेज से बीए कर रहे दो स्टूडेंट्स कर्मवीर और गुरदास को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
तीनों ने नशे की हालत में कार सवार महिला का पीछा किया और कई बार उसका कार से रास्ता रोक उस पर कमेंट किए। इस पर महिला ने सुनसान सड़क पर जाने की बजाय सेक्टर-35 पहुंच गई और वहां जाकर पुलिस को कॉल कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच सेक्टर-35 से ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
- 19 दिसंबर को सेक्टर-31 में ट्रिब्यून चौक के पास छात्रा से छेड़छाड़ का एक और मामला सामने आ गया। छेड़छाड़ के इस मामले में आरोपियों ने शराब के नशे में कार सवार युवती से छेड़छाड़ की। वहीं, जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट तक की गई। आरोपियों ने उसके बाल तक खींचे।
पीड़िता के साथ मौजूद उसके भाई ने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। जैसे ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो आरोपी वहां से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने दोनों को सेक्टर-32 से गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूलरूप से हिमाचल के हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।