भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे पर जानलेवा हमला करने के आरोपी युवकों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। शनिवार को भाजपा नेता के बेटे पर करीब 14 लड़कों ने रामदरबार में हमला किया था।
जिसमें से पुलिस ने सात लड़कों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार युवकों को जेल भेज दिया है। बाकी के फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी चल रही है। फिलहाल मामले में किसी और की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस ने एफआईआर में 14 युवकों को नामजद किया है। शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष देवी सिंह के बेटे विक्रम ने रामदरबार में स्थित ऑफिस के सामने आरोपी लड़कों को खड़ा होने से मना किया था।
इससे गुस्साए युवकों ने उस पर डंडों व गंडासी से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। विक्रम के सिर पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामदरबार निवासी सावन, सुमित, आकाश, राहुल, शुभम, विपिन व फरीद खान के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।