आरोपी पड़ोसी और दो बेटों को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मकान बेचने से मना करना एक व्यक्ति को इतना भारी पड़ गया कि गुस्साए पड़ोसी ने बेटों समेत उसको इतना पीटा कि मौत हो गई। यह वारदात जालंधर के कोट सदीक इलाके में हुई है। पड़ोसी मकान खरीदना चाहते थे, जबकि व्यक्ति मकान को बेचना नहीं चाहता था।
मृतक व्यक्ति की पहचान अमरकांत भाटिया (57) के रूप में हुई है, जो कोट सदीक में एक मरले के बने घर में रहता था। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी गुरमेल सिंह और उसके बेटे गुरप्रीत सिंह, सुरिंदर सिंह सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
एडीसी (पी) अमरीक सिंह पवार और एसीपी दलबीर सिंह बुट्टर ने कहा कि थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पेक्टर बरजिन्द्र सिंह को न्यू गीता कॉलोनी की रहने वाली ललिता रानी ने शिकायत की थी कि उसे किसी ने फोन पर बताया कि उसके भाई अमरकांत भाटिया को कुछ लोग घर में पीट रहे हैं। जब वह कोट सदीक पहुंची तो देखा कि भाई दम तोड़ चुका था।
पुलिस ने आरोपी पड़ोसी और दो बेटों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी पड़ोसी और दो बेटों को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
भाई अमरकांत भाटिया की पिटाई करने वाले गुरमेल सिंह और उसके बेटे गुरप्रीत सिंह और सुरिंदर सिंह उसे वहां देखकर भाग गए। ललिता ने कहा कि उसके भाई की शादी नहीं हुई थी। वह लंबे समय से इस मकान में रह रहा था। गुरमेल सिंह का घर उसके साथ ही था।
आरोपी गुरमेल उसके एक मरले के घर पर कब्जा करना चाहता था, मगर उसका भाई मकान बेचना नहीं चाहता था। आरोपी गुरमेल और उसके बेटे मकान बेचने के लिए कह रहे थे, जिसे वह नहीं मान रहा था।
तीनों आरोपी कई दिनों से भाई को परेशान करने में लगे हुए थे। मंगलवार रात को गुस्से में आकर तीनों आरोपियों ने अमरकांत भाटिया को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ललिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों गुरमेल सिंह और उसके बेटे गुरप्रीत सिंह व सुरिंदर सिंह सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है।