एक युवक-युवती ने सोमवार सुबह कुरुक्षेत्र से दिल्ली को जाने वाली यात्री गाड़ी के सामने कूद कर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसमें युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि लड़की की दोनों टांगे कट गईं।
लड़की को गंभीर हालात में इंदिरा गांधी मल्टीस्पेशिर्टी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। देर सांय तक पुलिस ने लड़के की शिनाख्त कर ली, लेकिन लड़की की शिनाख्त नहीं हो पाई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कलायत रेलवे स्टेशन से सजूमा की रेलवे फाटक के बीच में एक युवक-युवती सुबह करीब साढ़े छह बजे कुरुक्षेत्र से दिल्ली जाने वाली ट्रेन के आगे कूद गए। घटना के बाद ट्रेन काफी देर तक मौके पर रुकी रही। ट्रेन से उतरकर लोगों ने देखा कि युवक के शरीर के कई टुकड़े हो चुके थे।
लड़के की गर्दन कटकर रेलवे लाइन के बाहर जा पड़ी। वहीं, धड़ एवं टांगे भी अलग-अलग हो गईं। लड़की की दोनों टांगे कट गईं थीं। बाद में लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से लड़की को कैथल के इंदिरा गांधी मल्टीस्पेशिर्टी अस्पताल पहुंचाया। जहां लड़की दर्द से चिल्ला रही थी।
रेलवे पुलिस द्वारा बार-बार पूछने पर भी लड़की ने अपने नाम एवं परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। वहीं, चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।