मृतक राजेश और सीता के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा कृष्ण (20) बीए का छात्र है। मोहित (18) मंझला और रोहित (16) सबसे छोटा बेटा है। राजेश पेशे से श्रमिक था। इस घटना से तीनों बेटों के सिर से मां-बाप का साया एकसाथ उठ गया।
सुबह टहलने की बात कहकर निकले थे घर से
पुलिस पूछताछ में बड़े बेटे कृष्ण ने बताया कि दोनों सुबह कभी-कभी टहलने के लिए जाते थे। शुक्रवार सुबह वह पानी पीने उठा तो उसके माता-पिता बाहर घूमने की बात कहकर घर से निकले थे। सुबह चार बजे उसकी आंख खुली तो पिता आंगन में अचेत था जबकि मां वहां नहीं थी। कृष्ण ने बताया कि उसने तुरंत अपने चाचा को फोन कर घर बुलाया और पिता को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में दोनों जाते और अकेला राजेश वापस आते हुए आया नजर
राजेश और सीता गांव के कुछ मकानों में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। एफएसएल टीम और सदर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। फुटेज में अलसुबह 3:12 बजे दोनों जाते नजर आए और 3:22 पर अकेला राजेश घर की तरफ आता कैद हुआ है। उनके हाथ में एक टॉर्च थी जो सीता के शव के पास से बरामद हुई है। इसके अलावा शव के पास चटनी रगड़ने का एक डेढ़ फुट का डंडा भी बरामद हुआ है। हालांकि इस पर खून नहीं लगा है।
सुबह करीब नौ बजे एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने वहां पड़े कपड़ों और चप्पलों की जांच की और इसके बाद शव का निरीक्षण किया। सीता का शव जोहड़ से दूसरी तरफ सड़क किनारे भरे पानी से बरामद हुआ। एफएसएल टीम ने इस पानी का सैंपल भी जांच के लिए ले लिया है।
ये हैं सुलगते सवाल
- किस वजह से दंपती ने की आत्महत्या।
- महिला ने खुद जहर पीया अथवा पति ने उसे जबरन दिया।
- मृतक के बेटे के अनुसार वो रोज घूमने नहीं जाते थे। अंतिम बार दस दिन पहले गए थे।
- महिला का शव नग्न मिलने से हर कोई सकते में, कपड़े मिले करीब 10 मीटर दूर ।
मामले की तह तक जाएगी पुलिस: एसएचओ
अभी तक की जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस जांच कर मामले की तह तक जाएगी - नरेंद्र दहिया, चरखी दादरी सदर थाना प्रभारी