कोरोना संक्रमण की दहशत से दिल्ली से भागकर घर आए 15 हजार के इनामी बदमाश धर्मेंद्र बिहारी को शाहपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। गुलरिहा पुलिस को भी उसकी लंबे समय से तलाश थी।
गुलरिहा के तरकुलहा निवासी धर्मेंद्र बिहारी शातिर बदमाश है। शाहपुर में चोरी-नकबजनी के आठ मुकदमों में वह वांछित चल रहा था। एसएसपी ने उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शाहपुर इलाके में हुई चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। मार्च महीने की शुरुआत में ही वह पुलिस की नजर में आया था।
जब उसे पता चला कि पुलिस उसके पीछे पड़ गई है तो वह दिल्ली भाग गया था। पर लॉकडाउन के बीच वह दिल्ली से लौटा और अपनी बहन के घर चला गया। वहां कुछ दिन रहने के बाद यह अपने गांव आया था। उधर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे शाहपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक छह अप्रैल को ही उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शाहपुर पुलिस को यकीन है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में चोरी की वारदातों में कमी आएगी। पुलिस ने उसके पास से 1380 रुपये और चोरी के जेवरात बरामद किए हैं।
रास्ते के विवाद में मारपीट, चार घायल
इलाके के बरगदवा में बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में शैला, उनके पति दीपक, बेटी निशा व अलीसा घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शैला की तहरीर पर गांव के ही राजू, संजय, अजय के खिलाफ केस दर्ज किया है।