लुधियाना के कारोबारी गुरवीर सिंह को सोशल मीडिया के जरिए फंसाने के बाद ब्लैकमेल करने वाली इंस्टाग्राम स्टार जसनीत कौर केस में साहनेवाल के कांग्रेस नेता लक्की संधू की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। ब्लैकमेल हसीना और गुरवीर वाले केस में बतौर गवाह हरजीत सिंह को कांग्रेस नेता लक्की संधू ने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया। आरोपी उसे एक ढाबे पर ले गए और वहां उसको पीटा। केस में गवाही न देने का दबाव बनाया। किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से छूटकर हरजीत सिंह थाना साहनेवाल पहुंचा। जहां उसने शिकायत दर्ज कराई।
साहनेवाल पुलिस ने टावर कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह की शिकायत पर कांग्रेस नेता सर्वोत्तम सिंह उर्फ लक्की संधू, उसके भाई अमरिंदर सिंह संधू और 12 अज्ञात के खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी लक्की संधू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपी अभी फरार हैं।
हरजीत सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम स्टार जसनीत कौर ने गुरवीर सिंह गरचा को ब्लैकमेल किया था और उससे लाखों रुपये ऐंठे थे। मामले में कांग्रेस नेता लक्की संधू भी शामिल था। हरजीत ने कहा कि उसके सामने ही पैसे दिए गए थे। इसके बाद ब्लैकमेल हसीना को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में लक्की संधू का नाम भी सामने आया तो पुलिस ने उसे भी काबू कर लिया। वह गुरवीर और सर्वोत्तम सिंह केस में गवाह है।
हरजीत सिंह ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है और दो दिन पहले अपने किसी जानकार बब्बलजीत सिंह के साथ उसकी बोलेरो कार में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान जब वह भरावा दा ढाबा के पास पहुंचे तो आरोपियों ने गाड़ी घेरकर उसे नीचे उतार दिया और अगवा कर ढाबे के अंदर ले गए। आरोपियों उसको पीटा। आरोपी कांग्रेस नेता लक्की संधू ने पिस्तौल तानकर केस में गवाही न देने की धमकी दी।
हरजीत सिंह ने बताया कि हथियारों के बट और लाठियों से पीटा गया। धमकी देने के बाद छोड़ दिया गया। हरजीत सिंह ने बताया कि वह थाना साहनेवाल गया तो आरोपी लक्की संधू ने पुलिस के सामने ही मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में एएसआई हरमीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।