डेंटल क्लीनिक में तीन लुटेरे मरीज बनकर आए और डॉक्टर को बंधक बनाकर लूट लिया। लुटेरों ने डॉक्टर के सिर पर देसी कट्टे से चोट मारने के बाद उन्हें कुर्सी से बांध दिया और सोने की चेन, सात हजार रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
यह वारदात रामगढ़ में सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ में हाईवे के नजदीक डा. अनिप गुप्ता का ‘गुप्ता डेंटल क्लीनिक’ है । डा. गुप्ता पंचकूला सेक्टर-20 के साथ लगते पीरमुछल्ला में बॉलीवुड हाइटस में रहते हैं।
वह रोजाना की तरह सोमवार को अपने क्लीनिक में बैठे थे। तभी करीब 12 बजे उनके पास तीन युवक आए। इनमें से एक युवक पिछले दो दिनों से दांत की बीमारी की दवा लेने आ रहा था, जबकि उसका दूसरा साथी भी रविवार को आया था। तीसरा युवक पहली बार आया था।
अभी बीमारी और दवा के बारे में पूछताछ चल ही रही थी कि एक युवक ने डा. गुप्ता के सिर पर देसी कट्टे से वार कर दिया, जबकि अन्य युवकों ने उनके मुंह पर कपड़ा बांधकर दूसरे कपड़े से कुर्सी के साथ बांध दिया।
इसके बाद गुप्ता के गले में डली सोने की चेन, पर्स से सात हजार रुपये व एक मोबाइल लूट लिए और क्लीनिक के बाहर खड़ी काले रंग की स्पलैंडर बाइक पर फरार हो गए। वे इसी बाइक पर आए थे।
टांके लगवाने पड़े
लुटेरों के फरार होने के बाद डा. गुप्ता ने किसी तरह खुद को छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक वह अपना बंधन छुड़ाकर शोर मचाते या बाइक का नंबर देखते, लुटेरे भाग गए थे।
डा. गुप्ता के सिर से खून भी निकला और उन्हें टांके भी लगवाने पड़े।
मेरा किसी से कोई पुराना झगड़ा या रंजिश नहीं है। लुटेरे मरीज बनकर आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दो युवक पहले भी आ चुके हैं और तीसरा पहली बार आया था। अगर ये पकड़े जाएं या मेरे सामने आएं तो मैं तीनों को पहचान सकता हूं।
डा. अनिप गुप्ता, पीड़ित