देर शाम हिसार के एक अस्पताल में सातवीं कक्षा की छात्रा प्रीति ने भी दम तोड़ दिया। इससे पहले मामले की सूचना पाकर बाढ़डा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और छात्रा सोनिका के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को दादरी के सिविल अस्पताल में पहुंचाया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे अभिभावक
स्कूली वाहनों के टकरा जाने की घटना के बाद बच्चों के घायल होने की सूचना पर अभिभावक मौके पर पहुंचे और अपने-अपने बच्चों के बारे में जानकारी ली। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने मृतका सोनिका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दादरी सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
महाशिवरात्रि पर था राजपत्रित अवकाश
राजकीय अवकाश के दिन भी जिले के अधिकतर प्राइवेट स्कूल खुले रहे। शिक्षा विभाग इस बारे में कतई सख्ती नहीं बरत रहा है। विभाग के अधिकारियों को भी हेड ऑफिस से हिदायतें हैं कि वे सरकार के निर्देशों का पालन करवाएं । लेकिन हर राजकीय अवकाश के दिन प्राइवेट स्कूलों में कक्षाएं लगती हैं। बाढ़डा ब्लॉक के बीईओ श्रीकिशन शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग से प्रधानाचार्य विनोद शर्मा को मौके पर भेजा गया।
घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस दौरान प्राचार्य को द्रोणाचार्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बसें अंदर मिली। वहीं स्कूल के मेन गेट पर ताला लटका मिला। शिक्षा विभाग की टीम को अंदर प्रवेश भी नहीं करने दिया गया। राजकीय अवकाश के दिन स्कूल न लगाने संबंधी निर्देश स्कूलों को भेज रखे हैं। उसके बावजूद स्कूल लगाना नियमों का उल्लंघन है इस बारे में पूरी रिपोर्ट आने के बाद विस्तारपूर्वक जांच की जाएगी।
हादसे का कारण कोहरा और बस चालक की लापरवाही सामने आया है। पुलिस ने बस चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में द्रोणाचार्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दो छात्राओं सोनिका और प्रीति की मौत हुई है जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। - रामौतार, बाढ़डा थाना प्रभारी