उपमंडल के बरोदा थाना एरिया के एक गांव की 20 वर्षीय युवती की गोहाना के एक होटल में लाकर हत्या कर शव को गन्नौर के नजदीक खुबड़ू हेड के पास नहर में फेंक दिया गया।
पुलिस ने होटल संचालक की पत्नी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस अभी खुलकर कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं है। बताया जाता है कि बरोदा थाने के एक गांव की लड़की शहर के राजकीय कालेज में पढ़ती थी।
कालेज में आयोजित स्पोर्ट्स मीट के बाद 13 नवंबर को यह लड़की घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने बरोदा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। कई दिन बाद भी जब पुलिस लड़की का कोई सुराग नहीं लगा पाई तो गांव भंडेरी के लोगों ने 20 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से खानपुर कलां में मुलाकात कर कार्रवाई करने की मांग की थी।