फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबाला में अवैध शराब को लेकर दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर, पुलिस टीम पर हमला, तनाव

Sun, 02 Jun 2019 10:11 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबाला कैंट (हरियाणा)
विज्ञापन
सड़क पर बिखरे पड़े ईंट-पत्थर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रविवार दोपहर डेहा मंडी और साथ लगती ग्वाल मंडी में अवैध शराब की बिक्री को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्षों के दर्जनों युवाओं ने एक-दूसरे पर पत्थरों व बोतलों से हमला कर दिया।

विज्ञापन


देखते ही देखते साथ लगती दोनों कॉलोनियां लड़ाई के मैदान में बदल गईं। छतों और गलियों से पथराव किया गया जबकि घरों तक में घुसकर युवाओं ने जमकर तोड़फोड़ की और उपद्रव मचाया। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले हालात काबू करने का प्रयास किया, मगर विफल रहने पर और पुलिस बल बुलाया गया। कैंट डीएसपी राम कुमार सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इसके बावजूद युवा पथराव कर रहे थे।
विज्ञापन


इस दौरान दो पुलिस कर्मियों को भी ईंटें लगीं। डीएसपी ने उपद्रवियों को काबू में करने के लिए हवा में कई राउंड फायर किए, जिसके बाद युवा भागने लगे। 

इस बीच पुलिस ने कई युवाओं को दबोच लिया। पथराव में दोनों पक्षों के करीब छह युवा घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। रात तक इलाके में पुलिस टीमें तैनात रहीं और निरंतर गश्त जारी थी।

डीएसपी राम कुमार ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। देर रात तक मामले को लेकर पुलिस केस दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी थी। 

यह है विवाद की जड़

पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च - फोटो : अमर उजाला
बताते हैं कि डेहा व ग्वाल मंडी में अवैध शराब बिक्री की मुखबिरी विवाद की जड़ थी। सूत्र बताते हैं कि गत दिनों पुलिस ने करीब दो सौ से अधिक शराब की पेटियां बरामद की थीं। एक पक्ष को शक था कि दूसरे पक्ष ने शराब बिक्री को लेकर मुखबिरी की है।

पुलिस ने बीते कुछ दिनों से शराब व नशे की बिक्री पर शिकंजा कसा है, जिसको लेकर इलाके में तनाव की स्थिति थी। रविवार दो पक्ष आमने-सामने हुए तो इसी को लेकर जमकर पथराव हुआ। 

दोपहर साढ़े ग्यारह बजे विवाद के बाद झड़प 
दोपहर को डेहा मंडी और ग्वाल मंडी के युवाओं में अवैध शराब की मुखबिरी को लेकर बहस हुई। बताते हैं कि बहस इतनी बढ़ गई की बात हाथापाई तक आ गई। दोनों कॉलोनियां साथ-साथ लगती हैं, जिस वजह से दोनों पक्षों के कई युवा एक-दूसरे के समर्थन में उतर आए। जमकर मारपीट की गई और इसी दौरान कई युवाओं ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।

देखते ही देखते मंडी में खाली शराब की बोतलें तक चलने लगीं। कॉलोनियों में सैकड़ों घर हैं और घरों पर पथराव होने से उनके शीशे टूट गए, किसी का मीटर टूटा तो किसी की बिजली की लाइन टूट गई। पथराव हुआ तो हाउसिंग बोर्ड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मगर महज कुछ मुलाजिम से दर्जनों युवा नहीं संभले। 
विज्ञापन

अंबाला में भिड़े दो पक्ष - फोटो : अमर उजाला
इसके बाद वायरलेस पर मैसेज किया गया। सूचना मिलते ही कैंट डीएसपी राम कुमार, कैंट थाना एसएचओ व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गया। हालांकि अभी व्यापक पुलिस फोर्स नहीं थी।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में लेने की कोशिश की, मगर दोनों कालोनियों में आमने-सामने छतों से पथराव होने लगा। डेहा कालोनी में कई कबाड़ी रहते हैं, जिस वजह से यहां खाली बोतलों का भंडार है। यही बोतलें जमकर एक-दूसरे पर चलाई गई। आधा दर्जन युवाओं के चोटें भी इस दौरान लगी। 

पुलिस ने निकाला मार्च, लिया स्थिति का जायजा
डीएसपी व पुलिस ने युवाओं को खदेड़ने की कोशिश की लेकिन वह नहीं हटे तो अंत में डीएसपी को स्थिति संभालने के लिए हवाई फायर करने पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब चार हवाई फायर किए गए। फायर होते ही युवा इधर-उधर भागे और इसी बीच पुलिस ने कई युवाओं को दबोच लिया। इनमें से कई युवा घायल थे, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। 

इलाज के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। कुछ ही समय बाद महेशनगर, कैंट थाना, पड़ाव व रिजर्व पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके उपरांत पुलिस फोर्स ने डेहा व ग्वाल मंडी में मार्च निकाला और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कई घरों में पुलिस ने युवाओं को तलाशा मगर सभी मौके से फरार हो चुके थे। देर रात्रि तक पुलिस फोर्स इलाके में तैनात रही।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें