एक शख्स मां-बाप के बीच सो रही 5 साल की बच्ची को देर रात उठाकर ले गया और फिर उसके साथ दुराचार कर डाला, वो भी जीआरपी थाने के सामने। बच्ची खून से लथपथ रोती हुई मिली। घटना हरियाणा के यमुनानगर की है। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाने के सामने अपने माता-पिता के बीच सो रही पांच साल की बच्ची को उठाकर उसके साथ रेप किया गया।
दर्द से चीखती हुई बच्ची जीआरपी थाने से मात्र डेढ़ सौ कदम दूर आरपीएफ थाना के सामने प्लेटफार्म नंबर दो पर खून से लथपथ पड़ी मिली। परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। उसकी हालात स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल से रुक्का मिलने के बाद महिला थाना और जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जीआरपी थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
यूपी के बरेली जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह दस साल से अपनी पत्नी, 15 साल के बेटे और पांच साल की बेटी के साथ यमुनानगर में रह रहा है। वह यहां मजदूरी करता है, जबकि उसका बेटा चाय की दुकान पर काम करता है। रात को सभी परिवार सदस्य रेलवे स्टेशन पर ही सोते हैं। शनिवार रात को वह जीआरपी थाने के सामने रेलवे स्टेशन पर सोए हुए थे।
उनकी पांच साल की बच्ची पति-पत्नी के बीच में सो रही थी। रात करीब पौने एक बजे उसकी पत्नी की आंखें खुलीं तो उसने देखा कि बच्ची नहीं है। तलाश करते हुए करीब एक घंटे बाद जब वे आरपीएफ थाने के सामने प्लेटफार्म दो पर पहुंचे तो उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। यहां उन्हें बच्ची पेड़ के नीचे रोती हुई मिली।
न आरपीएफ कर्मी आया और न जीआरपी थाने से पुलिसकर्मी
sexual harassment
मां-बाप ने देखा कि मौके पर न तो आरपीएफ का कोई कर्मी पहुंची और न ही जीआरपी थाना से कोई पुलिसकर्मी। पुलिस को सूचित किए बिना परिजन बच्ची को ट्रॉमा सेंटर ले गए। ट्रॉमा सेंटर में बच्ची को उपचार देकर पुलिस को खबर भेज दी। इसके बाद महिला थाना पुलिस व जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बच्ची से दुष्कर्म व छह पोक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किया है।
ट्रॉमा सेंटर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म हुआ है। बच्ची अस्पताल में आई है। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। रेलवे स्टेशन का मुआयना किया गया। घटना क्षेत्र जीआरपी थाना के अंतर्गत होने पर केस को उन्हें सौंपा गया। मामले में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 364 व छह पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
- इंस्पेक्टर शीलावंती, एसएचओ, महिला थाना, यमुनानगर
रात को बच्ची के लापता होने या दुष्कर्म होने की कोई सूचना नहीं आई। सुबह ट्रॉमा सेंटर से सूचना मिली। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बच्ची से दरिंदगी के मामले में एक व्यक्ति शामिल था या अन्य और भी कोई था। इसकी जांच की जा रही है।
- सुरेश कुमार, एसएचओ, थाना जीआरपी, यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन