कपूरथला में अगवा किए गए बच्चे की हत्या
- फोटो : फाइल फोटो
कपूरथला में सोमवार शाम से 30 लाख रुपये फिरौती के लिए अगवा उद्योगपति के 14 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई है। बच्चे का खुर्दबुर्द शव तरनतारन के श्री गोइंदवाल साहिब के पास एक सड़क के किनारे बोरी में बंद मिला। बच्चे का गला घोंटने के बाद तेजाब डाला गया था। थाना सिटी की पुलिस ने तरनतारन से शव बरामद करसिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया है।
सोमवार शाम पौने पांच बजे 14 वर्षीय जसकीरत सिंह पुत्र नरिंदरजीत सिंह निवासी 87 रोज एवेन्यू रोजाना की तरह वसंत विहार में ट्यूशन के लिए निकला। हर रोज की तरह वह पहले ऑफिसर कालोनी स्थित अपने दोस्त को लेने के लिए गया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसका अपहरण हो गया। करीब सवा छह बजे उसके पिता को एक अज्ञात कॉल आई जिसमें अपहरणकर्ताओं ने 30 लाख रुपये फिरौती की मांग की। इसके बाद कोई फोन नहीं आया। जिला पुलिस ने सूचना मिलते ही शहर की सीमाएं सील कर दी और अलर्ट घोषित कर दिया।
जिला पुलिस प्रमुख राजिंदर सिंह सहित पूरा पुलिस विभाग जांच में जुट गया और डीएसपी सब—डिवीजन दलजीत सिंह ढिल्लो व डीएसपी—डी हरप्रीत सिंह बेनीपाल के नेतृत्व में दो टीमें गठित करके रात से ही छापामारी की शुरुआत कर दी। एसएसपी राजिंदर सिंह खुद रात भर बच्चे की तलाश के लिए मॉनीटरिंग करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार शाम गोइंदवाल पुलिस ने कपूरथला पुलिस को फोन करके श्री गोइंदवाल साहिब के पास एक बोरी में एक शव पड़े होने की जानकारी दी।
इस पर एसएसपी राजिंदर सिंह ने थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर सुक्खा सिंह को तरनतारन भेजा और खुद भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर सुक्खा सिंह ने बताया कि बोरी में बच्चे की हत्या के बाद तेजाब डालकर शव को खुर्दबुर्द करने की कोशिश की गई। बोरे में सात—आठ ईंटें भी डाली गई थी।
एसएसपी राजिंदर सिंह ने शव जसकीरत सिंह का होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के बारे में सुराग नहीं लगा है। एसपी मुख्यालय बलवीर सिंह भट्टी ने कहा कि पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल थाना सिटी में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अपहरण की दृष्टि से जांच को आगे बढ़ा रही थी। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।