बस स्टैंड पर लावारिस हालत में रोती हुई मासूम बच्ची मिली। जब उसने खुद पर हुए जुल्मों की दर्दभरी दास्तां सुनाई तो सुनने वालों की रूह कांप उठी। बच्ची होमगार्ड के जवान को हरियाणा में अंबाला कैंट बस स्टैंड पर मिली। बच्ची ने अपना नाम देवकी बताया। वह पटियाला से भाग कर आई, जहां वह एक घर में बंधुआ मजदूरी करती थी।
बच्ची ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी की रहने वाली है। होमगार्ड के जवान ने बच्ची को पुलिस के हवाले किया। बाद में इस बच्ची को जिला बाल सरंक्षण अधिकारी के सुपुर्द कर दिया गया। जहां बच्ची की काउंसिल की गई और उसके बयान लिए गए।
बाल संरक्षण अधिकारी मेघा सिंगला को दिए बयानों में बच्ची ने बताया कि वह यूपी के गांव सिंघाई संपूड़ानगर की रहने वाली है। बच्ची अपना जिला व घर का सही पता नहीं बता पाई।
गोनी नाम का व्यक्ति लाया था यूपी से
बच्ची ने बताया कि करीबन डेढ़ महीने पहले गोनी नाम का एक व्यक्ति उनके घर आया और उसने उसके मां-बाप को कहा कि वे उसे एक जगह काम दिलवा देगा और इसकी एवज में पंद्रह सौ महीने उन्हें देता रहेगा।
बच्ची के अनुसार गोनी ने उसके मां-बाप को कहा कि वे उसे एक घर में बच्चों की देखभाल करने के काम में लगवाएगा। बच्ची के अनुसार गोनी उसे पटियाला ले आया और उसे वहीं अपने घर में रखा और उससे काम करवाते रहे।
बच्ची के अनुसार कुछ दिन पहले व्यक्ति और उसकी पत्नी ने उससे चावल बनवाए और जब चावल सही नहीं बने, तो उसकी पिटाई कर दी। बच्ची के अनुसार जबकि व्यक्ति की पत्नी उससे पैर भी दबवाती थी।
मौका देखकर भागी और अंबाला पहुंच गई
बच्ची के अनुसार मंगलवार सुबह जब दंपत्ति अपने बच्चे को छोडने स्कूल गए, तो वह मौका देखकर वहां से फरार हो गई और पटियाला बस स्टैंड पहुंच गई। बच्ची के अनुसार वहां उसने एक महिला से यूपी जाने वाली बस में बिठवाने का आग्रह किया। इस पर महिला ने उस बच्ची से कहा कि वे केवल अंबाला तक जा रही है और वहां तक उसे बस में छोड़ देगी। उसके बाद में अंबाला से वे आगे यूपी की बस पकड़ ले।
यूपी की बस नहीं पकड़ पाई तो रोने लगी
बच्ची ने बताया कि वह महिला के साथ अंबाला कैंट बस स्टैंड पर आ गई। लेकिन यहां वह यूपी की बस पकड़ने में उलझ गई। इसी वजह से बच्ची बस स्टैंड पर बैठकर रोने लगी। तभी होमगार्ड के जवान ने उसे रोते हुए देखा और उससे सारी जानकारी हासिल की।
उसके बाद बच्ची को लालकुर्ती पुलिस चौकी ले जाया गया। जहां से पुलिस ने बच्ची को जिला बाल संरक्षण अधिकारी मेघा सिंगला के सुर्पुद कर दिया गया। बच्ची बार-बार अपने मां-बाप के घर जाने की जिद कर रही थी।
पुलिस ने शुरू की परिजनों और आरोपी युवक की तलाश
जिला बाल संरक्षण अधिकारी मेघा सिंगला ने कहा कि फिलहाल बच्ची को मर्सी होम में भेज दिया गया है और बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनके अनुसार बच्ची के बयानों से पुलिस को भी अवगत करवाया जाएगा।
मेघा सिंगला के अनुसार बच्ची देवकी को गोनी नाम का व्यक्ति पटियाला ले गया था और उससे वहीं बंधुआ मजदूरी करवाई गई। उनके अनुसार अपने बयानों ने बच्ची ने उसके साथ हुए शोषण की पूरी जानकारी दे दी है।
बच्ची के बयान जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने लिए है। वहां से जैसे ही बयानों की प्रति पुलिस चौकी आएगी, उसके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्ची को मर्सी होम में रखा गया है।
-होशियार सिंह, चौकी प्रभारी, लालकुर्ती