किशनगढ़ शास्त्री नगर स्थित एक नर्सरी में बुधवार शाम एक डेढ़ साल के बच्चे राघव की पानी की हौदी में गिरकर डूबने से मौत हो गई। हादसे के वक्त राघव हौदी के पास खेल रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह हौदी में गिर गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार किशनगढ़ शास्त्री नगर स्थित प्रजापति नर्सरी में परवेश और जानकी देवी लेबर का काम करते हैं। बुधवार शाम उनके साथ उनका डेढ़ साल का बेटा भी वहां आया हुआ था। पति-पत्नी दोनों नर्सरी में काम करने लगे और बच्चा राघव वहीं खेलने लगा। खेलते-खेलते वह हौदी के पास चला गया और उसमें गिर गया।
उसके बाद नर्सरी में ही काम करने वाली एक महिला ने जब राघव को हौदी में गिरा देखा तो वह बेहोश हो गई। इसके बाद परिजनों ने राघव को हौदी में गिरे देखा। इस पर वह फौरन उसे सेक्टर 16 स्थित सरकारी अस्पताल ले गए। लेकिन, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। परिजन पुलिस से कोई कार्रवाई न करने की गुहार लगाते रहे। इस पर पुलिस ने उनसे डीएसपी से बात करने की बात कही।
पिछले साल बहन की हुई थी हादसे में मौत
एक साल पहले राघव की बड़ी बहन आठ वर्षीय संजना की चटानी फार्म में बनी पानी की हौदी में ही गिरकर मौत हुई थी। राघव तीन बहनों का अकेला भाई था।