चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में छात्रा से छेड़छाड़ और उसे कार में खींचने की कोशिश के मामले में दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी मनचलों तक नहीं पहुंच सकी है। चारों आरोपी लुधियाना नंबर की आई-20 कार में सवार थे।
पुलिस ने जब गाड़ी नंबर के आधार पर जब मालिक से संपर्क साधा तो पता चला कि उक्त कार को कई बार बेचा गया है। पुलिस अब कार के असली मालिक की पहचान कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला किया था।
मूलरूप से कैथल निवासी 18 वर्षीय युवती बीती रविवार रात सेक्टर-34 की मार्केट में कुछ सामान खरीदने गई थी और पैदल ही घर लौट रही थी। इसी बीच आई-20 कार सवार चार मनचले उसके पीछे लग गए और उस पर फब्तियां कसने लगे। छात्रा मनचलों को नजरअंदाज कर तेज कदमों से घर की तरफ जाने लगी। बावजूद इसके मनचलों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और करीब 200 मीटर तक उससे छेड़छाड़ करते रहे।
इसके बाद मनचलों ने छात्रा को रोक लिया और उसे कार में खींचने की कोशिश की। इस पर छात्रा ने चिल्लाना शुरू कर दिया तो वहां से गुजर रहे एक्टिवा सवार एक युवक ने मनचलों का विरोध किया। इस पर मनचलों ने युवक से मारपीट शुरू कर दी और बेसबॉल से उसकी एक्टिवा को तोड़कर फरार हो गए थे।