झगड़े की कॉल पर पहुंचे पीसीआर गाड़ी के कांस्टेबल की नाक शराबी ने घूंसा मारकर तोड़ डाली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों में यूटी पुलिस के एक एसआई समेत चार मुलाजिम लोगों से पिट चुके हैं।
मलोया पुलिस स्टेशन के एसएचओ राम रतन शर्मा ने बताया कि मंगलवार दोपहर को डड्डूमाजरा के मकान नंबर 2228 से पुलिस को लड़ाई झगड़े की कॉल आई थी। इसके बाद पीसीआर में तैनात कांस्टेबल कुलविंद्र सिंह जिप्सी इंचार्ज एएसआई तेजपाल मौके पर पहुंचे थे। एसएचओ ने बताया कि कांस्टेबल घर के अंदर घुसते ही वहां रहने वाले नशे में धुत राजेश ने कहा यह हमारे घर का मामला है, तू क्या करने आया है और कुलविंद्र की नाक पर घूंसा जड़ दिया ।
आरोपी ने कांस्टेबल पर लात- घूंसों की बरसात कर दी। पिटाई से कांस्टेबल लहूलुहान हो गया। एएसआई ने हटाने की कोशिश की तो शराबी उससे भी उलझ गया। तेजपाल ने तुरंत कांस्टेबल की पिटाई का मैसेज मलोया पुलिस स्टेशन में किया। मौके पर थाना पुलिस पहुंची और राजेश को काबू कर लिया।
पीसीआर घायल कांस्टेबल को लेकर जीएसएसएच 16 पहुंची और भर्ती करवाया । कांस्टेबल के नाक की हड्डी टूट गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया है। उसको बुधवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
पिछले पांच दिन में पिटे पुलिस कर्मी
9 मई की रात को सेक्टर 53 में पार्क के पास नशे में हुड़दंग कर रहे युवकों को रोकने पहुंचे चीता स्क्वॉड के दो कांस्टेबलों को युवकों ने जमकर पीटा था। इस मामले में नाबालिग समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
10 मई को मनीमाजरा आटा चक्की के मालिक ने गाड़ी पार्किंग को लेकर एसआई और उसके बेटे की डंडे से पिटाई की थी।सब इंस्पेक्टर का एक हाथ टूट गया था। पुलिस ने बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।