औद्योगिक क्षेत्र स्थित वेब मॉल के पास शनिवार आधी रात छात्र गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी और संगठन स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुरलाल बराड़ की दो युवकों ने ताबड़तोड़ गालियां बरसाकर हत्या कर दी। बदमाशों ने गुरलाल पर 7 गोलियां चलाईं, जिनमें तीन गोलियां गुरलाल के सिर, गर्दन और बाजू पर लगीं जबकि जबकि तीन छूकर निकल गई जबकि एक गोली नहीं लगी। वारदात को अंजाम देकर दोनों युवक बाइक सवार अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो गए।
वारदात के समय गुरलाल अपनी फार्च्यूनर गाड़ी में बैठकर मॉल के पास दोस्तों का इंतजार कर रहा था। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्जकर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, वारदात के करीब पांच घंटे बाद दविंदर बंबीहा गैंगस्टर ग्रुप ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर गुरलाल की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा ‘तीन साल पहले लवी दयोड़ा कोटकपूरा को मरवाने में गुरलाल शामिल था, आज बदला पूरा हुआ।’
बता दें कि मोहाली निवासी गुरलाल बराड़ (26) औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस का वांछित अपराधी था और उसी थानाक्षेत्र में देर रात सरेआम घूम रहा था लेकिन पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लगी। गुरलाल मूलरूप से पंजाब के जिला फरीदकोट स्थित बुर्ज हरिका का रहने वाला था। वर्ष 2016 में स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) संगठन की तरफ से एनएसयूआई को समर्थन दिया गया था, जिसमें वह सोपू संगठन का प्रदेश अध्यक्ष बना था।
शनिवार को गुरलाल बराड़ अपनी फार्च्यूनर गाड़ी से औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्ले ब्वॉय क्लब पहुंचा था। इसके बाद वह इलाके में ही स्थित पारा क्लब में किसी जानकार युवती के जन्मदिन पार्टी में शामिल होने चला गया। इसी दौरान गुरलाल के एक दोस्त ने उससे फार्च्यूनर गाड़ी मांगी। देर रात करीब 12.30 बजे गुरलाल पारा क्लब स्थित अपने दोस्तों को यह कहकर निकल गया कि वह अपनी फार्च्यूनर से प्ले ब्वॉय क्लब तक जा रहा है। वह लोग उसके पीछे अपनी गाड़ी लेकर आ जाएं ताकि गाड़ी दोस्त को देकर वह उनके साथ वापस पारा क्लब लौट सके।
गुरलाल पहले निकल गया और वेब मॉल के बाहर पहुंचकर दोस्त का इंतजार करने लगा। इसी बीच दो युवक वहां पहुंचे और गुरलाल बराड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। दोनों युवकों ने गुरलाल को ताबड़तोड़ सात गोलियां मारीं, जिसमें से तीन गोलियां सिर, गर्दन और बाजू पर लगीं जबकि तीन उसे छूती हुई निकल गईं। एक गोली उसे नहीं लगी। वारदात के बाद दोनों आरोपी तीसरे साथी संग बाइक पर बैठकर फरार हो गए। इतने में मौके पर गुरलाल के दोस्त पहुंच गए और फौरन उसे पीजीआई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस वारदात स्थल का मुआयना किया। मौके पर फार्च्यूनर गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था और उस पर काफी खून लगा था। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्जकर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।