स्कूल से पोती को लेकर घर लौट रही बुजुर्ग महिला से सेक्टर-37 में बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से दो लुटेरे आए थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर सेक्टर-37 की रहनेवाली महिला ब्रजेश गुप्ता (63) स्कूल से पोती को लेकर पैदल घर लौट रही थीं। पीड़ित की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, जब वह मकान नंबर 3232 के पास पहुंचीं तो एक युवक पैदल उनके पास आया और सोने की चेन पर झपट्टा मारा। इससे आधी चेन टूट कर नीचे गिर गई और आधी बदमाश लेकर भाग गया। उसका दूसरा साथी एक्टिवा पर इंतजार कर रहा था। दोनों स्कूटी पर बैठकर फरार हो गए।
महिला का कहना है कि स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। महिला ने वारदात की सूचना 100 नंबर दी। इस पर क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं स्नैचिंग के मामले में एसएसपी सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि ज्यादातर स्नैचर बुजुर्ग महिलाओं को ही शिकार बनाते हैं। पुलिस इन घटनाओं को रोकने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। एसएसपी का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल अब तक स्नैचिंग की वारदात कम सामने आई है। बीते साल 10 सितंबर तक शहर में स्नैचिंग के 132 मामले सामने आए थे, जबकि इस साल अब तक 88 वारदात ही दर्ज हुई है।