सीआईए स्टाफ ने स्पेशल नाके पर एक व्यक्ति को कार पर पीली बत्ती लगाकर घूमते हुए काबू किया है। पुलिस की जांच में उस व्यक्ति के पास कार पर पीली बत्ती लगाने की परमिशन नहीं थी। वहीं, उसका ड्राइविंग लाइसेंस भी फर्जी निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जालंधर निवासी गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। जो चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी का काम करता है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस का दावा है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कई अन्य राज खुलने के आसार है।
जानकारी के मुताबिक, सीआईए इंचार्ज अतुल सोनी को सूचना मिली थी कि इलाके में एक व्यक्ति फर्जी तरीके से कार पर पीली बत्ती लगाकर घूूूम रहा है। इसके बाद पुलिस ने स्पेशल नाका लगाकर उस पर नजर रखी। इसी बीच आरोपी पीली बत्ती लगी कार लेकर नाके पर पहुंचा। पुलिस ने उसे चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान पहले उसका ड्राइविंग लाइसेंस चेक किया गया तो वह फर्जी निकला। इसके बाद उससे पीली बत्ती लगाने के संबंध में परमिशन मांगी गई तो वह उचित दस्तावेज पेेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्र बताते हैं कि मौके पर मौजूद पुलिस ने पीली बत्ती वाली कार रोकी थी तो उस दौरान कार मै बैठे व्यक्ति ने खुद को आईजी का भाई बताया। इसके बाद पुलिस भी डर गई, लेकिन जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो पाया कि आरोपी का आईजी से कोई रिश्ता नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पहले जालंधर में प्रॉपर्टी का कारोबार करता था। जबकि अब काफी समय से चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी के कारोबार में लगा हुआ है।