सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में सीबीआई ने नाइपर मोहाली के कार्यकारी डायरेक्टर केके भूटानी नौ लोगों पर केस दर्ज किया है।
इनमें रजिस्ट्रार व सीवीओ विंग कमांडर पीजेपी सिंह बड़ैच, कार्यवाहक रजिस्ट्रार, सेक्शन अफसर, डिप्टी रजिस्ट्रार और प्रोफेशर समेत पुणे की एक प्राइवेट कंपनी शामिल है। आरोपियों पर धारा-120-बी आरडब्ल्यू-420, 420, 409, 467, 471 आईपीसी व भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सीबीआई ने देशभर में 22 जगह छापेमारी की। सीबीआई के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की छह टीमें शुक्रवार सुबह पौने नौ बजे नाइपर पहुंचीं। टीमों ने पहले उच्च अधिकारियों के घरों और दफ्तरों में दबिश दी। साथ ही नाइपर का सचिवालय भी नहीं खुलने दिया। रेड में अधिकारियों के घर की बारीकी से जांच की गई।
सीबीआई की टीमों ने अधिकारियों के पर्स तक खंगाले। यह अभियान करीब आठ घंटे तक चला। इस दौरान नाइपर के सभी अधिकारियों को राउंडअप करके रखा गया। इस दौरान किसी को भी नाइपर कैंपस में नहीं जाने दिया गया। हालांकि, रेजिडेंशियल एरिया में सब कुछ सामान्य रहा।
इस दौरान छात्रों के एक गुट ने सीबीआई रेड होने पर खुशी जताई। साथ ही उम्मीद जताई कि उन्हें इंसाफ मिलेगा। बता दें कि यह घोटाला पुणे की एक निजी कंपनी के साथ मिलकर अधिकारियों ने वर्ष 2006 से लेकर 2012 तक किया। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा घोटाला 2. 25 करोड़ का है।
ऐसे लगाया था सरकारी खजाने को चूना
सीबीआई से मिली जानकारी के मुताबिक नाइपर के अधिकारियों ने पुणे की प्राइवेट कंपनी से मिलीभगत करके एक डाटा बेस एसीआई फाउंडर मार्केट से ऊंचे रेटों पर खरीदा था। जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा था।
इतना ही नहीं इन अधिकारियों ने कुछ अज्ञात लोगों और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधिकारियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस दौरान जहां उन्होंने खातों के साथ छेड़छाड़ की थी। साथ ही प्रोजेक्ट में जिन चीजों की मंजूरी नहीं थी, उनको भी खरीदा गा था।
यह चीजें मिली जांच में
सीबीआई को रेड में नाइपर के डायरेक्टर के घर से 13 लाख की एफडी, बैंक में करीब 25 लाख, प्रॉपर्टी से संबंधित 50 लाख के दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा नाइपर के रजिस्ट्रार व सीवीओ के घर से करीब 1.5 करोड़ की पांच संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं।
देश में इन जगहों पर गई टीमें
सीबीआई की टीम ने 22 स्थानों पर छापेमारी की। इनमें चंडीगढ़, मोहाली, बठिंडा, कुरुक्षेत्र, पुणे, तिरुवंतपुरम, नई दिल्ली और भोपाल शामिल हैं। इस दौरान सीबीआई की टीम ने अधिकारियों के घरों और दफ्तरों में एक साथ दबिश दी।
क्या कहते हैं डायरेक्टर
नाइपर के डायरेक्टर केके भूटानी ने कहा कि संस्थान सिल्वर जुबली समारोह मनाने जा रहा है। कुछ लोगों ने जानबूझकर उनकी इमेज खराब करने की कोशिश की है। उन्हें भारत के कानून और एजेंसियों पर पूरा विश्वास है।