सौतेली बेटी को अपनी बेटी की तरह प्यार करने का बहाना बना एक व्यक्ति नाबालिग से छेड़छाड़ करता रहा। जब आरोपी की पत्नी को पता चला तो उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसने इस बारे में किसी को कुछ न बताने की धमकी भी दी। मगर महिला डरी नहीं, बल्कि उसने एक हाइड कैमरा लगाकर अपने पति की सारी हरकतें रिकॉर्ड कर लीं और इसकी शिकायत पुलिस को दी। मामला पंजाब के लुधियाना जिले का है।
थाना डाबा की पुलिस ने जांच की और महिला की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी के साथ उसकी दूसरी शादी हुई थी। उसकी करीब 17 साल की बेटी भी है। आरोपी पहले उसे अपनी बेटी ही कहता था और बेटी की तरह प्यार करने के बहाने उसके साथ अश्लील हरकतें करता था।
नाबालिग बेटी ने भी कई बार उसे इसके बारे में बताया। जब उसने देखा तो इसका विरोध किया लेकिन आरोपी ने उसे और उसकी बेटी के साथ मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद उसने एक हिडन कैमरा लगाकर आरोपी की यह सारी हरकतें कैद कर ली। जब आरोपी को पता चला तो उसने फिर से धमकी दी और कहा कि वह इस बारे में पुलिस को शिकायत न करे लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाकर इसकी शिकायत पुलिस के पास की और जांच के बाद आरोप सही मिलने पर मामला दर्ज किया गया है।