जगतार सिंह ने बताया कि उसकी बेटी गुरप्रीत कौर की शादी आठ साल पहले जसप्रीत सिंह के साथ हुई थी। इसके बाद उनके यहां एक बेटी पैदा हुई। जसप्रीत उनकी बेटी गुरप्रीत कौर को काफी परेशान करता था। इस कारण आठ माह पहले गुरप्रीत कौर अपने मायके आ गई थी। उधर, जस्सी अमेरिका चला गया। वह गुरप्रीत कौर के चरित्र पर बेवजह शक करता था।
जगतार सिंह के मुताबिक वह मंगलवार सुबह अपनी दोहती को स्कूल छोड़कर अपनी बहन के पास चला गया। सवा दस बजे बाइक सवार दो युवक उसके घर पर पहुंचे और अंदर घुस गए। अंदर घुसकर उन्होंने गुरप्रीत कौर उर्फ प्रीति और 62 साल की रंजीत कौर पर गोली चलानी शुरू कर दी। दोनों की मौके पर मौत हो गई। पांच गोलियों की आवाज आसपास के लोगों ने भी सुनी। शूटरों ने बुजुर्ग महिला रंजीत कौर पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। पड़ोसियों की हिम्मत नहीं हुई कि वह शूटरों को रोक सकें। इसके बाद आराम से बाइक पर दोनों हत्यारे निकल गए।
पुलिस ने आसपास के इलाके से सीसीटीवी की फुटेज निकलवाई तो बाइक पर सवार शूटर जस्सा की पहचान हो गई। पुलिस की टीमें जस्सा की तलाश कर रही है। एसएसपी भुल्लर ने बताया कि इस हत्याकांड को अंजाम अमेरिका से बैठे जसप्रीत सिंह जस्सा ने दिया है। उसने दोनों की सुपारी देकर हत्या करवाई है।