पुलिस की गिरफ्त में लॉरेंस बिश्नोई।
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पंजाब के फिरोजपुर में थाना कुलगढ़ी पुलिस ने एमईएस के एक ठेकेदार से एक करोड़ रुपये फिरौती मांगने और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई व दीपक टीनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित को विदेशी नंबर से कॉल आ रही थी। यही नहीं फिरौती मांगने वाले ने पीड़ित की कॉल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लॉरेंस बिश्नोई से बात करवाई। लॉरेंस ने कहा टीनू जैसा कह रहा है, उसी तरह कर नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पीड़ित सुखबीर सिंह निवासी गांव जीयां बग्गा ने पुलिस को बताया कि वह एमईएस में ठेकेदारी करता है। उसे फिरौती मांगने की विदेशी नंबर-13364442224, 447444493200 व 89056065652 से कॉल आ रही है। आरोपियों का कहना है कि उन्हें छह माह में एक करोड़ रुपये चाहिए, चाहे ठेकेदारी कर या न कर, उन्हें छह माह बाद एक करोड़ रुपये हर हाल में चाहिए। इस दौरान उन्होंने धनराशि नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सुखबीर ने कॉल करने वाले का जब नाम पूछा तो उसने कहा कि मैं गैंगस्टर दीपक टीनू बोल रहा हूं। जैसे हम कह रहे हैं वैसे कर नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। सुखबीर ने कहा कि उन्हें धनराशि नहीं देने पर फिर से टीनू ने कॉल की। टीनू ने कॉल कॉन्फ्रेंस के जरिये उसकी लॉरेंस बिश्नोई से बात करवाई।
पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उन सभी नंबरों की जांच करने के बाद आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और दीपक टीनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि उसे खुद की और अपने परिवार की जान का खतरा है। उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर एमईएस में पहले भी गैंगस्टरों की ओर से धनराशि वसूलने की बात सामने आई थी। फिरोजपुर का एक गैंगस्टर जो जेल में बंद है उसका भाई एमईएस से ठेकेदारों से कथित तौर पर धनराशि वसूलता रहा है।