सेक्टर-43 बस स्टैंड पर शनिवार रात करीब डेढ़ बजे उतरकर सेक्टर-45 स्थित घर की ओर जा रहे एक युवक को पहले पत्थर मारकर बेहोश किया, फिर लूटपाट की।
सेक्टर-44 के लेबर चौक पर इस घटना को उस युवक ने ही अंजाम दिया, जो उसी सेक्टर जाने की बात कहकर साथ चला था। बाद में उसके तीन अन्य साथी भी आ गए और मोबाइल, कैश व सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने रात में ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-45 डी में मौसी के घर पर रहने वाला रामा दुबे शनिवार रात कहीं बाहर से आ रहा था। सेक्टर-43 बस स्टैंड पर उतरने के बाद उसे एक अन्य युवक मिला और सेक्टर-45 ही जाने की बात कहीं। दोनों साथ हो गए।
कुछ आगे जाने पर रास्ते में उस युवक ने रामा दुबे को कोल्ड ड्रिंक दी, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद सेक्टर-44 के लेबर चौक पर पहुंचते ही युवक ने रामा के सिर पर पत्थर मारा। इससे वह अर्द्घबेहोश हो गया। इसी बीच वहां तीन अन्य युवक आए और उसका सामान, मोबाइल व पर्स में रखे 500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
थोड़ी देर बाद होश आने पर पीड़ित ने थोड़ी आगे खड़ी पीसीआर को वारदात की सूचना दी और थाना पुलिस के जरिए मेडिकल करवाया। घटना के बाद सेक्टर-34 थाना पुलिस ने एरिया में सर्च किया तो दो युवकों से लूट का सामान बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान दीपक निवासी बिहार और विनोद निवासी गोरखपुर, यूपी के तौर पर हुई। उनके पास से शनिवार शाम को ही सेक्टर-44 डी निवासी संदीप सोलंकी से लूटा गया मोबाइल भी बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने 7-8 लोगों का गिरोह होने की बात कही है।